गन्ना किसानों का बकाया भुगतान करने और नया गन्ना मूल्य शीघ्र घोषित करने की मांगों पर किसानों ने प्रदर्शन किया। कहा कि सरकार गन्ना किसानों की उपेक्षा कर रही है। भुगतान नहीं होने से किसान आर्थिक परेशानियों में हैं। मंगलवार को किसान सभा देहरादून के पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भारी संख्या में क्षेत्र के किसान गन्ना समिति प्रांगण में एकत्रित हुए।
बकाया भुगतान नहीं होने से किसानों ने शुगर मिल प्रबंधन की कार्यशैली की आलोचना की। किसान सभा के जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह के नेतृत्व में गन्ना किसान प्रदर्शन करते हुए शुगर मिल डोईवाला पहुंचे। यहां सभा में किसान सभा के प्रदेश महामंत्री गंगाधर नौटियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के बकाया भुगतान को लेकर गंभीर नहीं है।
पिछला भुगतान नहीं हुआ और दोबारा किसानों से गन्ने की खरीद शुरू कर दी। उन्होंने सरकार पर किसान विरोधी नीतियां बनाने का आरोप लगाया। गन्ना समिति डोईवाला के पूर्व अध्यक्ष गुलशन अरोड़ा ने कहा कि जब पिछली पेराई सत्र की उत्पादित चीनी बेच दी गई है तो किसानों का भुगतान क्यों नहीं किया है।
उन्होंने सरकार से बकाया मूल्य पर ब्याज देने की मांग की है। किसान सभा के जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिशासी निदेशक प्रतिनिधि को देने से पहले पढ़कर सुनाते हुए बताया कि बीते पेराई सत्र का तत्काल भुगतान, वर्तमान गन्ना मूल्य 350 करने, गन्ना किसानों पर खाद बीज में लगने वाले ब्याज को समाप्त करने और सिंचाई का लगान माफ करने की मांग रखी।
प्रदर्शन में राजेंद्र पुरोहित, हरपाल सिंह सैनी, ओम प्रकाश कांबोज, याकूब अली, अशोक सिंह, जाकिर हुसैन, महेंद्र सिंह, गुरदीप सिंह, जसपाल सिंह, विक्रम सिंह, दीपक कुमार, देशराज, किशन सिंह आदि तमाम किसान शामिल हुए।