नगर निकायों के लिए स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू हो गया है। नगर पालिका डोईवाला भी स्वच्छता में अपना रैंक बढ़ाने के लिए मशक्कत कर रही है। नगर पालिका शुरुआती दिनों में स्वच्छता का फीडबैक नगर के लोगों से ले रही है।
डोईवाला नगर पालिका पिछली बार स्वच्छता रैंकिंग में चौथे स्थान पर थी। इस बार रैंकिंग सुधारने के लिए नगर पालिका हर संभव प्रयास में जुटी है। स्वच्छता सर्वेक्षण के शुरुआती दिनों में सिटीजन फीडबैक लिया जा रहा है। नगर पालिका की टीमें घर-घर जाकर नागरिकों से सर्वेक्षण संबंधित फीडबैक जुटा रही है।
इस बार स्वच्छता के मोर्चे पर समूहों की महिलाओं को भी उतारा गया है। स्वच्छता वाहिनी की महिलाएं यूजर चार्ज लेने से लेकर स्वच्छता संबंधित शिकायतों के निदान में भी सहयोग कर रही है। यूजर चार्ज की रसीद पर नगर पालिका का शिकायती नंबर भी दिया जा रहा है। जिसके माध्यम से 24 घंटे की अवधि में स्वच्छता संबंधित समस्या का समाधान नगर पालिका कर रही है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि नगर पालिका ने स्वच्छता संबंधी कई सुधार किए है। जिससे इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छी रैंक मिलने की उम्मीद है।
वर्जन
नगर पालिका स्वच्छता सर्वेक्षण में स्वयं को आगे लाने के लिए प्रयास में जुटी है। नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ इस संबंध में बैठक कर उचित दिशा निर्देश दिए जा चुके है। नगर के सभी वार्डों की स्वच्छता संबंधी समस्याओं का तत्काल निदान किया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छी रैंक हासिल करने के लिए अपना सहयोग जरूर दें। - नरेंद्र सिंह नेगी, अध्यक्ष, नगर पालिका, डोईवाला