रायवाला स्थित सैन्य छावनी परिसर में स्थित सीएसडी कैंटीन से समान लेने को लेकर पूर्व सैनिकों को जमकर फजीहत उठानी पड़ी। बीते माह कैंटीन में समान उपलब्ध नहीं था। अब मात्र एक ही कैंटीन से समान लेने की बाध्यता है, जिसके चलते शनिवार को अचानक भीड़ बढ़ गई। सैनिकों ने व्यवस्था बनाने के लिए कैंटीन से सामान लेने आए लोगों को मुख्य द्वार पर रोक दिया। जिससे पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों ने आक्रोश जताया।
रायवाला स्थित सैन्य छावनी से हजारों की सख्यां में पूर्व सैनिकों को सीएसडी कैंटीन से स्मार्ट कार्ड की मदद से हर माह के पहले सप्ताह घरेलू उपयोग का समान उपलब्ध कराया जाता है। इसको लेने के लिए रायवाला, श्यामपुर, ऋषिकेश, हरिद्वार से भारी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार के सदस्य पहुंचते हैं। रायवाला कैंटीन में बीते माह समान नहीं पहुंच पाया था। इस माह सामान पहुंचा भी तो भारी संख्या में पूर्व सैनिक व उनके परिजन पहुंच गए। भारी भीड़ को देखते हुए सैन्य छावनी की ओर से सभी को मुख्य प्रवेश द्वार पर रोक दिया गया। इसके बाद लाईन में खड़े लोगों को टोकन बांटकर कर प्रवेश कराया जाने लगा। इससे लोगों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इस कारण पूर्व सैनिक परिवारों के लोग व्यवस्था में लगे सैनिकों से भी उलझते दिखे।
कोट्स
बीते माह समान नहीं पहुंचा था। साथ ही इस माह भी सामन देरी से पहुंचा है। पहले छावनी की विभिन्न यूनिट कैंटीनों से भी समान लिया जा सकता था। किंतु अब मात्र एक कैंटीन से ही पूर्व सैनिक के परिवार समान ले सकते हैं। इस कारण कैंटीन में सामान लेने वाले की भीड़ लग गई। समस्या से सैन्य अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। शीघ्र समस्या का निस्तारण होगा।
- शंकर दयाल धनै, अध्यक्ष पूर्व सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक संगठन रायवाला