पूर्व सैनिक के साथ मारपीट का मामला थम नहीं रहा है। पूर्व सैनिकों व यूकेडी कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव कर अन्य लोगों की गिरफ्तारी व आरोपियों के खिलाफ अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाए जाने की मांग की। हालांकि पुलिस मामले के पांच आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।
बीते शुक्रवार को श्यामपुर भल्लाफार्म क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों ने एक पूर्व सैनिक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया था। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में भी कैद है। जिसमें आरोपी पूर्व सैनिक आशीष रावत को घर से बाहर खींचकर लाते हुए हुए और उसके साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घटना पर पूर्व सैनिकों व स्थानीय निवासियों ने कड़ा विरोध जताते हुए कोतवाली में विरोध प्रदर्शन किया था। वही पीड़ित पूर्व सैनिक की पत्नी ममता रावत की शिकायत पर पुलिस ने बीते शनिवार को रवीश दीक्षित, ममता दीक्षित, तरुण, माधवी और माधवी के पति अमृतपाल के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले के शांत होने की उम्मीद कर राहत महसूस कर रही थी कि रविवार को यूकेडी कार्यकर्ताओं ने पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर कोतवाली का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मामले में अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जाए। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों पर गैंगस्टर सहित अन्य गंभीर धाराएं भी लगाई जाएं।
प्रदर्शन के दौरान यूकेडी कार्यकर्ता कोतवाली के सामने सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों व पुलिसकर्मियों में तीखी नोकझोंक भी हुई। विरोध प्रदर्शन करने वालों में यूकेडी महिला प्रकोष्ठ की केंद्रीय अध्यक्ष मेजर (सेनि.) संतोष भंडारी, महामंत्री संगठन, कर्नल (सेनि.) सुनील कोटनाला, आशुतोश नेगी, अनीता कोटिनाला आदि मौजूद रहे।
-
आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
बीते शनिवार को कोतवाली पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिन्हें पुलिस ने आज कोर्ट में पेश किया। प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने बताया कि पांचों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।