रानीपोखरी पंचायत घर में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनने के लिए शिविर लगाया गया। इसमें उपभोक्ताओं ने कहा कि हर महीने रीडिंग और बिजली के बिल से कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व भी तरह दो माह में रीडिंग कर बिजली का बिल दिया जाना चाहिए।
ग्राम प्रधान सुधीर रतूडी ने कहा कि लोगों को हर माह बिजली बिल देने में परेशानी होती है। बिजली दफ्तर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इससे लोगों और बिजली विभाग दोनों का समय खराब हो रहा है। हर महीने बिल पर कई तरह के चार्ज लगाए जा रहे हैं। पहले की तरह बिजली का बिल दो माह में आने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। वर्तमान में सैकड़ों उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए दुर्गा चौक भानियावाला जाना पड़ता है। इसलिए पंचायत घर या रानीपोखरी बिजलीघर में बिल जमा करने की व्यवस्था की जानी चाहिए। संतोषी देवी ने सही रीडिंग न होने और मदन नेगी ने झुलते विद्युत तारों का मुद्दा उठाया। इस मौके पर अधिशासी अभियंता इम्तियाज अहमद, एसडीओ मदन मोहन बहुगुणा, पंकज नेगी, विनोद रावत, दीपक कुमार आदि उपस्थित रहे।