विकासखंड डोईवाला में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए सोमवार सुबह आठ बजे से शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला में बनाए गए मतगणना स्थल पर विभिन्न पदों के लिए मतगणना प्रारंभ हो गई है। रात 11 बजे तक मतगणना होने के बाद करीब आठ ग्राम प्रधान और आठ क्षेत्र पंचायत सदस्य और 88 ग्राम पंचायत सदस्यों के निर्वाचित होने की घोषणा कर दी गई थी। निर्वाचन अधिकारी यशवंत सिंह चौधरी ने बताया कि मंगलवार को भी मतगणना का कार्य जारी रहेगा।
सोमवार को डोईवाला महाविद्यालय में मतगणना के लिए जिला पंचायतवार व्यवस्था बनाई गई थी, जिसके तहत सबसे पहले खदरी खड़क माफ और साहबनगर जिला पंचायत की मतगणना प्रारंभ हुई। दोपहर 12 बजे से स्पष्ट परिणाम घोषित होने लगे। पुलिस प्रशासन की ओर से डोईवाला के पीछे वाले द्वार से उम्मीदवारों और उनके अभिकर्ताओं को प्रवेश दिए गए। प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया। शुरूआती राउंड में मतगणना बेहद धीमी गति से चली। पहला राउंड लगभग ढाई घंटे बाद समाप्त हुआ, लेकिन उसके बाद के राउंड तेज गति से चलने पर निर्वाचन की घोषणा की गई। सबसे पहले साहबनगर ग्राम प्रधान पद पर ध्यान सिंह असवाल निर्वाचित घोषित किए गऐ थ। घोषित परिणामों को ऑनलाइन करने के लिए व्यवस्था को बनाया गया है। मतगणना की पहली शिफ्ट रात आठ बजे खत्म होने के बाद दूसरी शुरू हो गई।
निर्वाचन अधिकारी यशवंत सिंह चौधरी ने बताया कि निर्वाचित होने वाले प्रधान, बीडीसी और पंचायत सदस्यों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया गया। उपजिलाधिकारी लक्ष्मीराज चौहान और नगर कोतवाल राकेश गुसांई मौके पर ही मौजूद रहकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत रहे।
यह बने जनता के सिरमौर
ग्राम सभा प्रधान
1.चकजोगीवाला भगवान सिंह (निर्विरोध)
2. गुमानीवाला दीपिका व्यास
3.रायवाला सागर गिरी
4.गढीमंयचक नीलम
5. गौहरी माफी रोहित नौटियाल
6.चक जोगीवाला माफी सोवन सिंह कैंतुरा
7. साहबनगर ध्यान सिंह असवाल
8. छिददरवाला कुलदीप कौर
क्षेत्र पंचायत सदस्य
1. साहब नगर अमर सिंह खत्री
2. गुमानीवाला प्रथम किशोर पैन्यूली
3. गुमानीवाला द्वितीय गजेंद्र गुसांई
4. गुमानीवाला तृतीय आशा देवी
5. छिद्रवाला उत्तरा देवी
6. रायवाला प्रथम गीता नेगी
7. रायवाला द्वितीय निकिता
8. गौहरीमाफी शिवा गिरी
(नोट मतगणना अभी जारी है)
निर्वाचित प्रतिनिधियों ने मनाया जीत का जश्न
विभिन्न पदों पर जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों ने मतगणना स्थल से बाहर जमकर जश्न मनाया। विजयी प्रत्याशियों को उनके समर्थकों ने कंधों पर उठा लिया और ढोल की थाप पर जमकर थिरके। दोपहर में जैसे ही मतगणना के बाद परिणाम घोषित हुआ उम्मीदवारों के समर्थक जश्न मनाने लगे। पुलिस की ओर से जुलूस निकालने पर प्रतिबंध होने के बावजूद उम्मीदवारों ने जीत का जश्न मनाया।
ढोल बजाने वालों और फूलमालाओं की बढ़ी मांग
डोईवाला महाविद्यालय में बनाए गए मतगणना स्थल के बाहर ढोल बजाने वालों, फूलमालाओं और खाने पीने के समान का बाजार सजा रहा। इस दौरान ढोल बजाने वाले और फूल मालाओं को प्रत्याशी ढूंढते रहे। नजीबाबाद उत्तर प्रदेश से विशेष तौर पर करीब 50 लोग ढोल और वाद्य यंत्रों को लेकर पहुंचे थे। जीत के बाद फूलमालाओं को बेचने वालों का भी कारोबार ठीक रहा।
पुलिस की सक्रियता से नहीं लगा हाईवे पर जाम
ऋषिकेश डोईवाला के मुख्य मार्ग पर स्थित डोईवाला महाविद्यालय में मतगणना स्थल के बाहर इस बार आवाजाही करने वालों को जाम से नहीं जूझना पड़ा। पुलिस ने लोगों की सहूलियत के लिए भी मुख्य मार्गों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात रखा था। वाहनों की पार्किंग की उचित व्यवस्था के लिए वरिष्ठ उपनिरीक्षक महावीर सिंह रावत सुबह से ही मौजूद रहकर व्यवस्थाओं को बनाने में जुटे रहे थे। नगर कोतवाल राकेश गुसांई ने बताया कि पुलिस ने आवाजाही को व्यवस्थित रखने में विशेष ध्यान रखा जिससे मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो सकी।