एम्स रोड पर कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में ई-रिक्शा सवार एक महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। वहीं, छठवें घायल कार चालक को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एसएस बिष्ट ने बताया कि बीते रविवार की देर रात्रि को एम्स रोड पर एक कार और ई-रिक्शा की टक्कर होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से ले जाकर तत्काल एम्स में भर्ती कराया। घायलों में ई-रिक्शा सवार उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी मनीषा (27), पीलीभीत निवासी राहुल (21) व अजय (21), ऋषिकेश निवासी निहाल (10) व रामशरण (55) शामिल हैं। घायल कार चालक की पहचान हरिद्वार निवासी सूरज (36) के रूप में की गई है। बताया कि घायलों से फिलहाल पूछताछ नहीं की गई है इसलिए दुर्घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। घायलों के सामान्य होने पर सभी से पूछताछ की जाएगी।