मेरठ में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता के विजेता डीएसबी स्कूल के खिलाड़ी।
- फोटो : RISHIKESH
डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के छात्रों ने नॉर्थ जोन तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ गोल्ड व एक कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
मेरठ के सत्यकॉम इंटरनेशनल स्कूल में 10 से 13 अक्तूबर को सीबीएसई नॉर्थ जोन तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सीबीएसई के 103 स्कूलों के लगभग 400 छात्रों ने भाग लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव सहगल ने बताया कि प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में विद्यालय के छात्रों ने चार स्वर्ण व एक कांस्य पदक जीतने में कामयाबी हासिल की है। इसके अलावा जूनियर वर्ग में विद्यालय को चार स्वर्ण पदक मिले हैं। प्रतियोगिता में छात्रों ने दूसरा स्थान प्राप्त कर पंजाब के संगरूर में सीबीएसई की नेशनल प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है। सब जूनियर वर्ग में शिवांग मल्होत्रा, अनन्या कुमार और पार्थ गौर ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। वहीं जूनियर वर्ग में तक्षय अग्रवाल, मितांशु पोखरियाल, अनुराग पुंडीर ने भी स्वर्ण पदक जीता है। इस प्रकार स्कूल के छात्रों ने 36 में से नौ पदक अपनी झोली में डाले हैं। विद्यालय के चेयरमैन ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने छात्रों की इस उपलब्धि पर शुभकामना दी है।