श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते पुलिस निरीक्षक या?
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। उड़ान फाउंडेशन ने जनपद पुलिस देहरादून के तत्वावधान में बुधवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर छात्र छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम का विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. राजे नेगी और पुलिस निरीक्षक यातायात राजेंद्र सिंह रावत ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। इस मौके पर यातायात पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत ने छात्र छात्राओं को सड़क सुरक्षा संबंधी नियम और कानून की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रात के समय सड़क पर पैदल चलते हुए गहरे रंग की जगह उजले रंग की ड्रेस पहनें और हमेशा सड़क पर बायीं तरफ ही चलें। दुपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मार्क वाला हेलमेट पहनना जरूरी है। चार पहिया वाहन में बैठे चालक एवं परिचालक सभी को सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है।
यातायात उप निरीक्षक संजीव त्यागी ने छात्रों को नए मोटर व्हीकल एक्ट अधिनियम 2019 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र का कोई भी युवक युवती बिना लाइसेंस गाड़ी चलाता हुआ पाया जाता है तो 25 साल तक की उम्र तक उसका लाइसेंस नहीं बनाया जाएगा। इसके साथ ही तीन वर्ष की सजा का भी प्रावधान है। हेलमेट ना पहनने और सीट बेल्ट ना लगाने पर जुर्माने की राशि 1000 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा उन्होंने बच्चों से यातायात के नियमों का सही प्रकार से पालन करने की बात कही। इस मौके पर प्रधानाचार्य गोविंद सिंह रावत, फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने यातायात पुलिस यातायात निरीक्षक और उप निरीक्षकों को पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. सुनील थपलियाल, वरिष्ठ उप निरीक्षक सुमेर सिंह, दरोगा कुलदीप रावत, दरोगा अनवर खान, विनोद जुगलान, योगाचार्य अंकित नैथानी, राहुल चौरसिया, रंजन अंथवाल आदि उपस्थित रहे।