राजकीय इंटर काॅलेज आईडीपीएल में जनपद स्तरीय विद्यालयी बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें देहरादून जिले के विभिन्न विकासखंडों से 97 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
सोमवार को आयोजित प्रतियोगिता में राजकीय इंटर काॅलेज आईडीपीएल के छात्र अभि, शिवम थापा व मोहन ने अंडर-14, सौरभ श्रीकोटी व सौरभ कुशवाहा ने अंडर-17 और दीपांशु ने अंडर-19 बालक वर्ग में जगह बनाई है। वहीं, वंदना अंडर-17, मानसी रांंगड़, खुशी व अल्का अंडर-19 बालिका वर्ग में राज्य स्तर के लिए देहरादून जिले की टीम में जगह बनाने में कामयाब रहीं। विद्यालय के व्यायाम शिक्षक पंकज सती ने बताया कि जनपद स्तर से चयनित प्रतिभागी खिलाड़ी 25 से 27 अक्टूबर को पिथौरागढ़ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय विद्यालयी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में देहरादून जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बताया कि विद्यालय में बीते वर्ष से ही बॉक्सिंग खेल का शुभारंभ किया गया था। पिछले वर्ष विद्यालय से कुल आठ खिलाड़ियों का राज्य स्तर और एक बालिका का राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ था। इस मौके पर प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह, प्रबंधन समिति की अध्यक्ष अपर्णा सिंह, मोहन प्रसाद गौड़, जितेंद्र बुटोइया, चंद्रपाल सिंह, प्रद्युम्न राणा, भूपेंद्र मेहरा, निवेदिता आदि मौजूद रहे।