लगातार हो रही बारिश से नगर क्षेत्र की सड़कें और गली-मोहल्ले तालाब में तब्दील हो गए हैं। ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से कई घरों में पानी घुस गया। सड़कें जलमग्न हो गईं। इससे लोगों को परेशानी हुई।
ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से हरिद्वार मार्ग पुरानी चुंगी, तिलक रोड, गोविंद नगर, मनीराम मार्ग, छोटी सब्जी मंडी, जीवनी माई रोड, दून तिराहा, आशुतोष नगर रोड तालाब में तब्दील हो गई। शांतिनगर विवादित नाले का पानी गंगानगर में जा घुसा। इस कारण गंगानगर की सड़कें जलमग्न रही। वहां सड़क पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। चौदहबीघा क्षेत्र की सड़कें भी तालाब नजर आईं।
रविवार शाम तीन बजे बारिश थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन से बंद नालियों की सफाई और बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।
शहर में नियमित सफाई की जाती है। लोग घरों का कचरा कूड़ेदान की बजाय नाली में डाल देते हैं, जिससे नालियां अक्सर बंद हो जाती हैं। फिर भी कहीं नाली पर अतिक्रमण है या फिर बंद है तो उसे दिखाकर कार्रवाई की जाएगी। शांतिनगर नाले का निर्माण बंद नहीं किया गया है। बारिश को देखते हुए दो-तीन दिन काम रोका गया है।
-विजय प्रताप सिंह चौहान, ईओ पालिका ऋषिकेश।