रविवार को हुई मूसलाधार बारिश आशुतोषनगर के चार दोस्तों के लिए मौत बनकर आई। छुट्टी होने के कारण चारों दोस्त कार में नरेंद्रनगर घूमने निकले। आते समय गंगोत्री मार्ग पर नरेंद्रनगर कुमारखेड़ा के पास हुए भूस्खलन से उनकी मौत हो गई। जवान बेटों की मौत की खबर सुनकर परिवार और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई शोकाकुल परिवार को ढांढस बधाने पहुंचे। इस दर्दनाक घटना के बाद आशुतोषनगर में मातम पसरा हुआ है। देर शाम चंद्रेश्वरनगर श्मशान घाट पर सैकड़ों लोगों ने मृतकों को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
रविवार को मूसलाधार बारिश चार परिवार के लोगों के लिए कहर बन गई। आशुुुतोष नगर निवासी वीरेश श्रीकोटी (33) वर्ष पुत्र एस सब्बल कोटी, मुकेश गुसांई (32) पुत्र सत्यप्रसाद गुसांई, उमेश रावत (33) पुत्र भगत सिंह रावत, श्याम नौटियाल (33) सुबह कार में सवार होकर नरेंद्रनगर घूमने निकले। लौटते समय भारी बारिश के कारण कुमारखेड़ा के पास भूस्खलन हो रहा था। इस दौरान दोस्तों ने सावधानी दिखाते हुए अपने वाहन को एक किनारे खड़ा कर दिया, लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूर था। कुछ देर बाद भूस्खलन के कारण नुकीले पत्थर चारों दोस्तों पर कहर बनकर बरपे।
आसपास के लोगों ने बताया कि वीरेश श्रीकोटी पेशे से वकील थे। घर पर वह अपने पीछे मां-बाप, दो बच्चे और पत्नी को रोते बिलखता छोड़ गए। उमेश रावत होटल व्यवसायी थे। वह अपने पीछे दो बच्चे और पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गए। श्याम नौटियाल चौकीदार थे। पति के मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हैं। वहीं सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे मुकेश गुसांई की मौत से परिवार के सदस्य सदमे में हैं।
एक बार चेहरा दिखा दो
हादसे का शिकार हुए मृतक वीरेश श्रीकोटी का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके घर पहुंचा। परिवार के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। बदहवास पत्नी बार-बार कह रही थी कि एक बार उनका चेहरा दिखा दो, यह सुनकर आसपास उमड़े लोग फूट-फूटकर रो पड़े।
विधायक ने जताया दुख
नरेंद्रनगर कार दुर्घटना में चार दोस्तों की असमय मौत की सूचना से आशुतोषनगर के लोग दुखी हैं। इस दर्दनाक हादसे को सुनकर आस पड़ोस के लोग कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। परिजनों का दुख बांटने के लिए वहां लोगों का जमघट लगा रहा। विधायक प्रेम चंद अग्रवाल सहित क्षेत्र के लोगों ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।