अर्द्घकुंभ में श्रद्धालुओं की सेहत के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीर्थनगरी में मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए छापेमार कार्रवाई की। रोडवेज बस अड्डा स्थित मिष्ठान भंडारों में बिक रही करीब 30 किलो पुरानी और बासी मिठाई का मौके पर निस्तारण किया।
विभाग ने हिदायत दी कि दूषित खाद्य सामग्री बेची तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डे के आसपास विभिन्न प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की। प्रतिष्ठान स्वामियों को अर्द्घकुंभ के दौरान साफ सफाई रखने और खुले में खाद्य सामग्री नहीं बेचने के निर्देश दिए।
अभिहित अधिकारी जीसी कंडवाल ने बताया कि अर्द्घकुंभ के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की चार टीमें गठित की गई हैं। जो मेला क्षेत्र में मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने की कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि पहले दिन छापेमारी के दौरान रोडवेज बस अड्डे के आसपास संचालित मिष्ठान भंडारों में पुरानी और बासी मिठाइयां मिलीं, जिसका मौके पर निस्तारण कराया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीसी जोशी, संदीप मिश्रा और पवन कुमार शामिल थे।