खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन विभाग देहरादून में असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर सुधीर कुमार से फार्मेसी अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर प्रदेश में मेडिकल स्टोरों पर फार्मासिस्ट की अनिवार्यता लागू करने की मांग उठाई। वहीं फार्मेसी अधिकारियों ने बिना पर्ची दवा बिक्री रोकने के लिए नियमित निरीक्षण करने की मांग उठाई है।
राजकीय फार्मेसी अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष ब्रिजेश कुमार ने कहा कि उत्तराखंड में कई मेडिकल स्टोर बिना फार्मासिस्ट के संचालित हो रहे हैं जो गलत हैं। उन्होंने कहा कि दवाओं का सीधा असर मानव शरीर पर पड़ता है इसलिए बिना प्रशिक्षित फार्मासिस्ट के दवा वितरण पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही प्रदेश में बढ़ती बेरोजगार फार्मासिस्टों की संख्या पर भी चिंता जताई।
फार्मेसी अधिकारी शैलेंद्र पेगोवाल ने कहा कि जिले में ड्रग्स कंट्रोलर टीम को नियमित रूप से मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण करना चाहिए। उन्होंने नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए बिना एमबीबीएस डॉक्टर की पर्ची के दवा न देने की व्यवस्था लागू करने की मांग की ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि प्रत्येक मेडिकल स्टोर पर नारकोटिक दवाओं का अलग से स्टॉक रजिस्टर अनिवार्य रूप से रखा जाए और उसके बिलों व रिकॉर्ड का उचित संधारण किया जाए। इस पर सुधीर कुमार ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए सुझावों पर विचार करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर फार्मेसी अधिकारी शैलेंद्र पेगोवाल, शहरान अली, मोहम्मद अमजद अली, मनीष कुमार, नीरज पांडे सहित अन्य मौजूद रहे।