- मांग पूरी न होने पर 12 राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार
- बैंकों की हड़ताल के चलते उपभोक्ताओं को उठानी पड़ी परेशानी
सप्ताह में पांच दिन हो काम, पीएलआई का मिले समान लाभ
ऋषिकेश। सप्ताह में पांच दिन तक काम करने और पीएलआई का समान लाभ दिलाने की मांग के लिए 12 राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारियों दिनभर कार्य बहिष्कार कर हड़ताल में शामिल हुए। ऐसे में बैंकों में कामकाज ठप होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंक कर्मचारियों का कहना था कि इंडियन बैंकर एसोसिएशन और केंद्र सरकार के मध्य सप्ताह में पांच दिन बैंक खुले रखने पर सहमति बनी थी लेकिन दो साल बाद भी इसे लागू नहीं किया गया। कर्मचारियों ने कहा कि बढ़ते काम, स्टाफ की कमी, डिजिटल बैंकिंग का दबाव और लक्ष्य आधारित काम के कारण तनाव को कम करने के लिए सप्ताह में दो दिन का अवकाश जरूरी है लेकिन केंद्र सरकार की ओर से इसे लागू नहीं किया जा रहा है।
वहीं, कर्मचारियों ने परफार्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना का सभी को समान लाभ देन की मांग भी उठाई। कर्मचारियों का कहना कि बैंक के बड़े अधिकारियों को पीएलआई का पूरा व छोटे कर्मचारियों को मामूली लाभ दिया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 28 से 30 सितंबर तक बैंकों की हड़ताल रहेगी। हड़ताल में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक आदि में हड़ताल के कारण दिनभर कामकाज प्रभावित रहा। इस अवसर पर अभिनंदन तिवारी, अचलेश्वर प्रसाद कुड़ियाल, दिनेश चंद्रा, दिगंबर सिंह रावत, अंकित जैन आदि उपस्थित रहे।
-