लक्ष्मणझूला-सिलोगी और कांडी मोटर मार्ग सोमवार की देर रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते आठ घंटे ठप रहा। सड़क पर जगह-जगह मलबा और पेड़ गिरने से यह स्थिति उत्पन्न हुई। इस दौरान लोगों को आवागमन करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों की सूचना पर पीडब्ल्यूडी और एसडीबी के अधिकारियों ने कर्मचारियों को मौके पर भेज यातायात खुलवाया। तब कहीं जाकर यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी।
मंगलवार की सुबह लक्ष्मणझूला-सिलोगी मोटर मार्ग पर मोहनचट्टी के समीप मलबा आ गया। सड़क पर मलबा आने से पहाड़ी क्षेेेत्रों से आने वाले वाहन आधे रास्ते पर ही खड़े हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मियों ने जेसीबी की जरिये मलबे को हटवाकर यातायात बहाल करवाया। स्थानीय निवासी विनोद कुमार जुगलान, जयपाल सिंह, वीर सिंह, जगमोहन सिंह, रविंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार रात से हुई बारिश के कारण मार्ग पर मलबा आ गया था। पीडब्ल्यूडी दुगड्डा उपखंड लक्ष्मणझूला के सहायक अभियंता रंजित भंडारी ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारी सड़क पर गिरे मलबे को हटाने के लिए चले गए थे। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे मार्ग पर यातायात बहाल कर लिया गया है।
दूसरी ओर, लक्ष्मणझूला-कांडी दुगड्डा मोटर मार्ग पर खैरखाल के समीप मलबा आने से नीलकंठ यात्रा ठप रही। मार्ग बाधित होने से कई घंटे यात्री और पर्यटक जाम में फंसे रहे। मौके पर पहुंची लक्ष्मणझूला पुलिस, टूरिस्ट टैक्सी ऑनर्स एसोसिएशन लक्ष्मणझूला के सदस्यों ने इसकी सूचना एडीबी को दी। एसोसिएशन अध्यक्ष भगत सिंह पयाल ने बताया कि अपराह्न दो बजे मलबा साफ हो पाया। तब जाकर वाहनों का संचालन शुरू हो पाया। सुबह से वहां फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली।