मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में रेस्क्यू के दौरान नीमबीच गंगा में डूबे युवक का शव पानी से बाहर निकालते एसडीआरएफ के जवान।
- फोटो : amar ujala.
हिमाचल से दोस्त संग ऋषिकेश घूमने पहुंचा एक युवक शुक्रवार को नीमबीच नामक स्थान पर गंगा में डूब गया। एसडीआरएफ की टीम ने उसका शव गंगा से बरामद कर लिया है। वहीं दूसरी ओर त्रिवेणीघाट पर गंगा में डूब रहे एक बाबा को जल पुलिस ने बचा लिया।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को दानेश्वर सिंह (35) पुत्र सोहनलाल निवासी ग्राम सांगला, जिला किन्नौर, हिमाचल अपने दोस्त के साथ लक्ष्मणझूला घूमने पहुंचा था। दोनों नीमबीच नामक स्थान पर पहुंचे और नहाने के लिए गंगा में उतर गए। इसी दौरान दानेश्वर सिंह तेज बहाव में बहने लगा।
इस दौरान वहां मौजूद गोताखोरों ने डूब रहे युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन दानेश्वर सिंह तेज बहाव में समा गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ के जवान सचिन रावत, प्रदीप मेहता, प्रकाश मेहता, सुमित, नवीन भट्ट ने दानेश्वर का शव बरामद किया। थाना प्रभारी रवि कुमार सैनी ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
वहीं, त्रिवेणीघाट पर शुक्रवार दोपहर नहाते समय डूब रहा एक बाबा जल पुलिस की सतर्कता के चलते बच गया। जल पुलिस धनीलाल, मातबर सिंह और संतोष कुमार ने करीब पांच सौ मीटर आगे बह चुके बाबा को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लाए। बाबा की पहचान ईश्वरगिरी पुत्र दयालगिरी निवासी ग्राम गुप्तकाशी, जिला रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।