रानीपोखरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जाखन नदी में मंगलवार को एक अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद हुआ। थानो-भोगपुर मार्ग पर स्थित जाखन पुल से करीब एक किलोमीटर नीचे नदी किनारे झाड़ियों में शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर रानीपोखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह खनन कार्य से जुड़े कुछ श्रमिक नदी में करीब 20 मीटर अंदर झाड़ियों की तरफ गए थे। इसी दौरान उन्हें अर्धनग्न अवस्था में शव दिखाई दिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले नदी के आसपास एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक घूमता हुआ दिखाई दिया था। आशंका जताई जा रही है कि बरामद शव उसी युवक का हो सकता है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।