लक्ष्मणझूला-कांडी दुगड्डा मोटर मार्ग पर बीते दो वर्षों से क्षतिग्रस्त पुश्ते दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। लोक निर्माण विभाग दुगड्डा सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाह बना हुआ है। कई स्थानों पर तो मोड़ पर पुश्ते क्षतिग्रस्त हैं। ऐसे में अचानक आमने-सामने दो वाहनों के गुजरने से दुर्घटना का अंदेशा रहता है।
लक्ष्मणझूला-कांडी मोटर मार्ग पर पैंया गांव के समीप पुश्ता बीते बरसात से टूटा हुआ है। इसके अलावा दिउली के समीप करीब दो वर्षों से जमीन धंसने से पुश्ते क्षतिग्रस्त हैं। नलतुरा के समीप भी बरसात से पुश्ता क्षतिग्रस्त है। गणेशपुर के समीप गहलीखेत गांव में बीते पांच वर्ष से अधिक समय से पुश्ते टूटे हुए हैं।
सड़क मार्ग से प्रतिदिन लोनिवि के अधिकारी आवाजाही करते हैं। अधिकारी भी टूटे पुश्तों के ऊपर से गुजरते हैं। लेकिन विभाग पुश्ता निर्माण करने में उदासीन बना हुआ है। तूंगखाल निवासी सुरेंद्र राणा और पैंया गांव निवासी मनोज कपरुवाण ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुश्तों के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। यहां तक कि सड़क पर वाहनों से गुजरते हुए अधिकारियों को रोककर पुश्ते निर्माण की मांग की जाती है, लेकिन लोनिवि दुगड्डा हादसों का इंतजार कर रहा है।
पीपलकोटी से तूंगखाल के बीच तो सड़क ज्यादा ही खतरनाक है। कई स्थानों पर बरसात के समय पहाड़ी से आया मलबा तक नहीं हटाया गया है। लोनिवि जल्द पुश्तों का निर्माण नहीं करता है तो उसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
-
कोट
लक्ष्मणझूला-कांडी दुगड्डा मोटर मार्ग पर गहलीखेत गांव के समीप क्षतिग्रस्त पुश्ता निर्माण के लिए बजट उपलब्ध नहीं है। बजट की उपलब्धता होने पर पुश्ते का निर्माण किया जाएगा। - निर्भय सिंह अधिशाषी अभियंता लोनिवि दुगड्डा