डोईवाला। दिन भर आसमान में बादल छाने के बाद रविवार की शाम को झमाझम बारिश से एक बार फिर से किसानों की परेशानियां बढ़ा दी है। यदि बारिश नहीं रुकी तो धान उत्पादक किसानों को बड़ी क्षति होना तय है।
अभी चार दिन पहले हुई बारिश से धान उत्पादक किसान संभले भी नहीं है। रविवार की शाम को एक बार फिर एकाएक शुरू हुई बारिश से किसानों की परेशानी बढ़ गई। बीते दो दिनों में किसानों ने किसी तरह से बची हुई धान की फसल को सूखाकर समेटने का प्रयास किया था। एक बार फिर बारिश आने से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। किसानों का कहना है कि बारिश के साथ हवाओं को आना बेहद नुकसानदेह साबित होता है। धान की बची खुची फसल गिरने की आशंका है। झबरावाला के रणजोध सिंह, धर्मूचक के सुरेंद्र खालसा, माजरी के ताजेन्द्र सिंह और शेरगढ़ के गुरदीप सिंह ने बताया कि अधिक बारिश से धान की फसल पूरी तरह से बरबाद होने की संभावना है। कृषि अधिकारी डीएस असवाल ने बताया कि अधिक बारिश धान के लिए घातक है। दोबारा हुई बारिश से नुकसान का आकलन किया जाएगा।