शराबियों के हुड़दंग से स्थानीय जनता को निजात दिलाने के लिए पुलिस का शराब पिलाने वालों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान नाकाम साबित हो रहा है। ढाबों और ठेलियों पर सरे राह बिना लाइसेंस शराब पिलाने और देर रात तक उत्पात मचाने वाले शराबियों ने पुलिस के अभियान की हवा निकाल दी है।
उनके उत्पात से ग्रामीणों को फजीहत झेलने को मजबूर होना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों से समस्या से निजात दिलाने की मांग की। यह स्थिति तब है जबकि पुलिस की हिदायत के बाद ऐसे होटलों पर बाकायदा शराब नहीं पीने के नोटिस चस्पा किए गए हैं।
रायवाला मुख्य बाजार में पुलिस प्रशासन द्वारा बिना लाइसेंस के अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ शुरू किए गए अभियान का असर बुधवार को नाकाम दिखा। हाईवे और गांव की गलियों में संचालित ढाबों पर खुलेआम अभियान का मखौल उड़ाते हुए शराबियों ने जमकर हुड़दंग मचाया।
उपप्रधान मनमोहन सिंह रावत ने बताया कि कन्या पाठशाला मार्ग पर ठेली, ढाबों पर शराबियों के जमघट और बेतरतीब खड़े वाहनों के चलते बाधित कर दिया गया है। जिससे ग्रामीणों, खासकर महिलाओं को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। ऐसे में गांव वाले वाहनों को हटाने के लिए कहते हैं तो शराबी लड़ने को तैयार हो जाते हैं।
बताया कि रायवाला पुलिस प्रशासन की लापरवाही की शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी। शिकायत करने वालों में भगत सिंह नेगी, बिरेंद्र सिंह नेगी, आनंद सिंह, दिनेश नेगी शामिल थे।
इनकी सुनिए
बिना लाइसेंस शराब पिलाने वालों के खिलाफ सख्ती से अभियान चलाया जा रहा है। यदि फिर भी शराब पिलाई जा रही है तो नियमित गश्त बढ़ाकर ऐसे ढाबों, होटलों पर निगरानी रखी जाएगी।-चक्रधर अंथवाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश।