नदियों में हो रहे अवैध खनन पर कोतवाली पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बिना रवन्ने के उपखनिज लेकर जा रही दो ट्रैक्टर ट्रालियों का चालान कर दिया। पुलिस को नदियों से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थी। कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि नदियों से उपखनिज की निकासी कर एक स्वीकृत भंडारण में जमा की जा रही थी।
नदियों में हो रहे अवैध खनन पर पुलिस रविवार को हरकत में आई। रविवार सुबह पुलिस के हत्थे दो ट्रैक्टर ट्राली चढ़ गई। धर्मचूक खत्ता रोड से दो ट्रैक्टर ट्रालियों में उपखनिज भरकर लाया जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर पकड़ लिया। पूछताछ में ट्रैक्टर चालक उपखनिज का रवन्ना नहीं दिखा सका।
बताया गया कि सौंग नदी से उपखनिज की चोरी कर समीपवर्ती एक स्वीकृत भंडारण में एकत्रित की जा रही थी। नदी तट के समीप इन क्षेत्रों में स्वीकृत भंडारण के लिए ट्रैक्टर ट्रालियों से नदी से अवैध तरीके से उपखनिज की निकासी कर एकत्रित की जा रही थी। गौरतलब है कि खनन माफिया अवैध खनन कर सरकार को रोजाना राजस्व की चपत लगा रहे है।
पुलिस और प्रशासन की पकड़ में नहीं आने पर सवालिया निशान लग रहे थे। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विक्रम रावत ने बताया कि नदियों में हो रहे अवैध खनन को पुलिस गंभीरता से ले रही है। अवैध खनन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित छापामारी की जा रही है।