मुनिकीरेती पुलिस और एसओजी टीम ने मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त नशे के दो सौदागरों को दबोचा है। उनके पास से तीन किलो चरस बरामद हुई है। तस्करी में प्रयुक्त कार सीज कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है।
बुधवार को चेकिंग के दौरान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गंगोत्री हाईवे पर भद्रकाली तिराहा से पहले हर्बल गार्डन के समीप एक कार को रुकवाया। पुलिस को देख चालक सकपका गया और एक युवक कार से उतर कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि चालक के पास चरस है।
पुलिस ने मौके से चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में चालक के पास से दो किलो और युवक के पास एक किलो चरस बरामद हुई। पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश चक्रधर अंथवाल ने आरोपियों की पहचान संतोष सिंह निवासी छिद्दरवाला और संतोष कुकरेती निवासी आशुतोष नगर के रूप में कराई। पुलिस ने बताया कि हत्थे चढ़े आरोपी चरस धौंतरी, उत्तरकाशी से तस्करी कर तीर्थनगरी ला रहे थे।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। मुनिकीरेती थाना प्रभारी निरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि किसी अंतरराज्यीय गिरोह से तार तो नहीं जुड़ें हैं, इसीलिए आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। बृहस्पतिवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
टीम को नकद ईनाम की घोषणा
मादक पदार्थ की तस्करी का खुलासे में शामिल एसओजी प्रभारी विनोद राणा, उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र, कांस्टेबल प्रशांत राणा, दीपक कुमार, हिमांशु चौधरी और विवेक भट्ट को पुलिस अधीक्षक टिहरी ने 25 सौ रुपये नकद ईनाम देने की घोषणा की है।