ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। जयराम आश्रम तिराहा से चंद्रभागा पेट्रोल पंप के बीच घोषित जीरो जोन की ऑटो और विक्रम चालक धज्जियां उड़ा रहे हैं। यहां त्रिवेणी घाट चौराहे के समीप चालक ऑटो और विक्रम रोककर सवारियां बैठा रहे हैं। बीती तीन दिसंबर को कोतवाली पुलिस की ओर से जयराम आश्रम तिराहे से लेकर चंद्रभागा पेट्रोल पंप के बीच जीरो जोन घोषित किया गया था। इसको लेकर बाकायदा बैठक भी हुई थी।
बैठक में मुनिकीरेती की विक्रम चालक एसोसिएशन, तपोवन की उत्तराखंड विक्रम चालक एसोसिएशन, गढ़वाल विक्रम टेंपो वेलफेयर, ऑटो यूनियन बस अड्डा और ऑटो यूनियन घाट चौक ऋषिकेश के पदाधिकारी भी मौजूद रहे थे। बैठक में इस बात पर सहमति बनी थी कि इस रूट पर न ही कोई ऑटो व विक्रम चालक सवारियां बैठाएगा और न ही सवारियां उतारेगा। यदि ऐसा कोई करता पाया जाता है, तो ऐसे वाहनों को सीज किया जाएगा। बावजूद ऑटो और विक्रम चालक इसका उल्लंघन कर रहे है। बृहस्पतिवार को भी यहां ऑटो और विक्रम चालक त्रिवेणी घाट चौराहे के समीप सवारियां बैठाते नजर आए।
जीरो जोन में सवारियां बैठाने वालों चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मैंने पूर्व में भी कहा था कि ऐसे चालकों के ऑटो या विक्रम सीज किए जाएंगे। त्रिवेणी घाट चौराहे तथा देहरादून रोड तिराहे के सीसीटीवी फुटेज देखे जाएंगे। जो भी ऑटो या विक्रम चालक उल्लंघन करता पाया गया। बख्शा नहीं जाएगा।
- रितेश शाह, कोतवाली निरीक्षक ऋषिकेश।