ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला। कौन बनेगा करोड़पति प्रतियोगिता में चयनित होने का झांसा देकर शातिर ने सेना के जवान से 24 लाख की ठगी कर दी। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को प्रतीतनगर निवासी सेेना के जवान बलबीर सिंह रावत पुत्र चंदन सिंह रावत ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। सैनिक बलबीर सिंह रावत छुट्टी पर घर आए हैं। 10 मई को उनके फोन पर कॉल आई जिसमें उन्हें लॉटरी के आधार पर केबीसी प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए चुने जाने की जानकारी दी गई। इसकी एवज में उनसे कई बार विभिन्न खातों में पैसा जमा करने के लिए रजामंद किया गया।
झांसे में आए बलबीर ने कई अलग-अलग खातों में 24 लाख रुपये जमा कर दिए। बातचीत और रकम जमा करने का सिलसिला कई दिनों तक चलता रहा। फोन पर उनसे और भी रकम जमा करने को कहा गया तो उन्होंने मना कर दिया। ठगी की आशंका पर बलबीर ने रकम वापस मांगी तो ठग बहानेबाजी पर उतर आए। इसके बाद पीड़ित सैनिक ने मामले की शिकायत पुलिस में की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अब तक जांच में उन बैंक खातों को सीज कर दिया गया जिनमें रकम जमा कराई गई है।