ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत पुलिस ने बिना सत्यापन के किराएदार रखने वाले मकान मालिकों को चिह्नित किया। इस दौरान 46 मकान मालिकों पर पुलिस ने चार लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना ठोका है। सोमवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज नैनवाल के नेतृत्व में पुलिस की टीम कालेकीढाल पहुंची। पुलिस ने यहां बिना सत्यापन के रह रहे लोगों की जानकारी जुटाई और मकान मालिकों से पूछताछ की।
इस दौरान 46 मकान मालिक ऐसे पाए गए जिन्होंने सत्यापन कराए बिना किराएदार रखे हुए थे। पुलिस ने मौके पर प्रत्येक मकान मालिक पर दस-दस हजार रुपये का जुर्माना ठोका। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के मकान मालिकों में सन्नाटा छाया रहा। एसएसआई ने बताया कि मकान मालिकों पर चार लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना ठोका गया है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना सत्यापन किराएदार रख रहे मकान मालिकों पर कार्रवाई की जाएगी।