ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
कोतवाली में क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। बताया गया कि किशोरी घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी।
तहरीर के अनुसार 14 वर्षीय एक किशोरी कक्षा आठ में पढ़ती है। बीती 13 मई की सुबह वह रोज की तरह घर से स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी होने के बाद वापस घर नहीं पहुंची। इस पर व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस से अपहरण की आशंका जताई है। मामला गंभीर देख पुलिस ने किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घर से स्कूल परिक्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। जल्द ही मामले का निस्तारण कर लिया जाएगा।