ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। शुगर मिल डोईवाला में एसबीआई बैंक के एटीएम से जालसाजों का कार्ड बदलने की योजना युवक की सक्रियता से फेल हो गई। युवक ने बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़ लगाई। उसने कार्ड तो जैसे तैसे हासिल कर लिया लेकिन बदमाशों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो पाया। पुलिस ने घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। रविवार की सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास छदरनी गांव का एक युवक मिल रोड़ पर एसबीआई की एटीएम मशीन पर रुपये निकालने पहुंचा। इसी बीच पीछे से दो युवक आ धमके और गतिविधियों को देेखने लगे।
पासवर्ड देखने के बाद दोनों जालसाजों ने युवक के एटीएम को बदलने का प्रयास किया। इससे पहले युवक उनके झांसे में आता, जालसाजों की गतिविधियों और इरादों को समझ गया। बदमाश युवक से एटीएम झपटकर भागने लगे। युवक ने तेजी से दोनों के पीछे दौड़ लगाई। युवक ने कार्ड तो हासिल कर लिया लेकिन अचानक वह गिर गया। इसी का लाभ उठाकर जालसाज कार में सवार होकर फरार हो गए। कोतवाल राकेश गुसांई ने बताया कि इस घटनाक्रम को बेहद गंभीरता से लिया गया है। जिस कार में जालसाज भागे है, उसका नंबर सीसीटीवी फुटेज से निकाला जाएगा। बताया कि मामले में किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं की गई है।