ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत एक बुजुर्ग को स्कूटर सवार ने टक्कर मार दी। घायलावस्था में बुजुर्ग को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही स्कूटर सवार फरार चल रहा है। आईडीपीएल चौकी इंचार्ज राकेश भट्ट ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात को हनुमान चौक के समीप स्कूटर सवार एक युवक ने 60 वर्षीय बिशन सिंह पुत्र रैजा सिंह निवासी मल्ला बणांस, यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल को पीछे से टक्कर मार दी।
इस हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक बुजुर्ग किसी काम से आईडीपीएल क्षेत्र में आए थे। फिलहाल मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर ही मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी स्कूटर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है।