ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में गलत ढंग से पार्क किए गए दो दर्जन दुपहिया वाहनों को सिटी पेट्रोल यूनिट की क्रेन से उठाकर कोतवाली पहुंचाया। पुलिस की इस कार्रवाई का कई लोग विरोध करते भी दिखे। बुधवार को कोतवाल रितेश शाह के नेतृत्व में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे रोड पर भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के बाहर गलत तरीके से पार्क दुपहिया वाहनों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस की ओर से सिटी पेट्रोल यूनिट की क्रेन ने दो दर्जन दुपहिया वाहनों को उठाकर कोतवाली पहुंचाया गया। इस दौरान कई लोगों ने इसका विरोध जताते हुए कहा कि वह कुछ जानकारी लेने बैंक में गए थे, तभी उनके दुपहिया वाहन को पुलिस ने उठा लिया। इस पर पुलिस ने कहा कि चाहे कहीं भी जाएं लेकिन अपने वाहन को पार्किंग पर ही खड़ा करें। ऐसा न करने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। कोतवाल रितेश शाह ने सभी व्यापारियों तथा लोगों से सड़क के दोनों किनारे पर बिछी सफेद लाइन के अंदर ही अपने दुपहिया वाहनों को पार्क करने की अपील की।