23 बूथों के बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान पर कांग्रेस ने बूथ स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र की अध्यक्षता में 23 बूथों के बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची का गहन परीक्षण करने के साथ पात्र नागरिकों और नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर दिया गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। उन्होंने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से पूरी जिम्मेदारी के साथ बूथ स्तर पर अभियान चलाने और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का आह्वान किया। बैठक में चंदन सिंह पवार, देवेंद्र कुमार प्रजापति, राजेश साह, परमेश्वर राजभर, मनोज तिवारी, बप्पी अधिकारी, अमित पाल, अजय राजभर, राजू, संतोष कोकरेती, सुनील शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।