मायाकुंड का जीर्णशीर्ण सामुदायिक केंद्र जल्द नए स्वरूप में नजर आएगा। करीब 43 लाख की लागत से सामुदायिक केंद्र का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। डीएम देहरादून ने धनराशि स्वीकृत की थी।
मायाकुंड सामुदायिक केंद्र में बच्चों की शिक्षा, महिला साक्षरता और महिला कौशल की गतिविधियां संचालित होती हैं। पैरा खिलाड़ी नीरजा गोयल ने डीएम सविन बंसल को बताया था कि देवभूमि चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से यहां सांयकालीन महिला सिलाई प्रशिक्षण एवं स्थानीय बच्चों को उपचारात्मक शिक्षण दी जाती है। लेकिन, भवन की जर्जर स्थिति से हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। गोयल की मांग पर डीएम बंसल ने टीम भेजकर भूमि की जानकारी तथा आगणन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। निगम ने आगणन कर प्रस्ताव तैयार कर डीएम को भेजा था। अब 43 लाख की धनराशि से केंद्र का जीर्णोद्धार कार्य शुरू हो गया है। सामुदायिक केंद्र में निकटवर्ती वार्ड मायाकुंड, चंद्रेश्वर नगर, भैरव मंदिर आदि के स्थानीय नागरिकों के सामुदायिक कार्य भी होते हैं।