मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच एलाइंस एअर की करीब 42 सीटर उड़ान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ गए हैं। करीब 15 घंटे की सड़क मार्ग से तय की जानी वाली दूरी हवाई मार्ग से एक घंटे से भी कम समय में पूरी की जा सकेगी।
रामनवमी के अवसर पर दून एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर उड़ान को रवाना किया। उन्होंने कहा कि देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू होने से अर्थव्यवस्था, रोजगार, पर्यटन और तीर्थाटन को मजबूती मिलेगी। इसके लिए साढ़े चार सौ करोड़ से पिथौरागढ़ हवाई अड्डे का विस्तार किया जा रहा है।
2014 से पहले तक देश में जितने हवाई अड्डे बनाए गए, उससे दोगुने हवाई अड्डे मोदी सरकार में बनाए जा चुके हैं। पर्वतीय जिलों के लिए शुरू की जा रही हवाई सेवाएं रोगियों के लिए और आपदा में लाइफ लाइन साबित होंगी। उड़ान योजना में 26 हवाई मार्गों का संचालन किया जा रहा है। 2023 में प्रदेश में शुरू की गई एयर कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत छह हवाई मार्गों पर उड़ानें संचालित की जा रही हैं। हेलीपोर्ट की संख्या दो से 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है। यही कारण है कि प्रदेश को बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन का इको सिस्टम राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उड़ान योजना 2.0 में अगले दस वर्षों में करीब 29 हजार करोड़ रुपये से सौ नए हवाई अड्डों और 200 नए हेलीपैड विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम से वर्चुअल जुड़े केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू किंजारापु ने उड़ान योजना के संबंध में जानकारी दी। इस माैके पर कैबिनेट मंत्री खजानदास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला आदि उपस्थित रहे।
तीन दिन संचालित की जाएगी उड़ान
जौलीग्रांट। देहरादून-पिथौरागढ़ उड़ान को सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को संचालित किया जाएगा। पहले दिन कुल सात पैसेंजर देहरादून से गए और पांच पिथौरागढ़ से आए। पहले पैसेंजर के रूप में मुख्यमंत्री ने दिव्यांशी वोहरा को प्रतीकात्मक टिकट दिया। उल्लेखनीय है कि देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच पहले भी कई बार उड़ानें शुरू की जा चुकी हैं, लेकिन अलग-अलग कारणों से इन रूट पर उड़ानें बंद होती रही हैं। अक्टूबर 2023 में फ्लाई बिग द्वारा इस रूट पर दो साल तक उड़ानें संचालित करने के बाद कारोबार एयरपोर्ट से समेट लिया गया था।