मुनिकीरेती में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और कैबिनेट मंत्री स?
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि गंगा नदी मेेें 10 साल तक के बच्चों को राफ्टिंग की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए परीक्षण किया जाएगा।
खारास्रोत में राफ्टिंग व्यवसायियों के साथ पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने गंगा पूजा की। पितृ पक्ष से पहले राफ्टिंग व्यवसायियों ने राफ्ट और क्याक की पूजा की। महाराज ने कहा कि तीर्थनगरी में टूरिज्म के माध्यम से रिवर राफ्टिंग का प्रचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन में कई ऑफिस बनेंगे इनमें एक आफिस में राफ्टिंग से संबंधित जानकारियां मिलेगी। रिवर राफ्टिंग पाथ को जीपीएस से जोड़ा जा रहा है, जिसका ट्रायल किया जा चुका है। यह सुविधा रिवर राफ्टर्स को मिलेगी। उन्होंने कहा कि 10 साल तक के बच्चे को राफ्टिंग करने की छूट का तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विंटर टूरिज्म से भी राफ्टिंग व्यवसायियों को लाभ मिलेगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से चौरासी कुटी को विकसित किया जा रहा है। इससे यहां आने वाले टूरिस्ट बीटल्स के बारे में जानेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा 24 स्थानों को भगवती सर्किट बनाया गया है। विंटर टूरिज्म से पर्यटक औली और चोपता आएंगे इससे राफ्टिंग व्यवसायियों की आर्थिक स्थिति अच्छी होगी। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार राफ्टिंग व्यवसायियों की हर समस्या का समाधान करने को तैयार है।
--
राफ्टिंग से जुड़े लोगों को मिल रही मदद
प्रदेश सरकार की ओर से 371 राफ्टिंग गाइडों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। 303 एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स को भी 10-10 हजार की सहायता दी गई है। करीब सात करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है।
-
राफ्टिंग व्यवसायियों ने रखी यह मांगें
गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति के अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के सामने कई मांगे रखीं। उन्होंने कहा कि नदी किनारे जो बीच कैंप हैैं, एनजीटी की अनापत्ति के छह साल बाद भी बीच कैंप खोलने की अनुमति नहीं मिली है। राफ्टिंग का परमिट एक साल की बजाय पांच साल के लिए हो। रिवर राफ्टिंग गाइड की आयु 50 साल के बजाय उसके फिटनेस सर्टीफिकेट को ही आधार माना जाए। खारास्रोत और तपोवन में डबल स्टोरी पार्किंग की व्यवस्था की जाए।