आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एवं तहसील विधिक सेवा समिति की सचिव तानिया मिड्डा के नेतृत्व में जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ।
मुख्य वक्ता तानिया मिड्डा ने विद्यार्थियों को निशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत, पॉक्सो, एनडीपीएस एक्ट, पीसी और पीएनडीटी अधिनियम से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के मौलिक अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा और सहभागिता के साथ ही साइबर अपराध से सावधान रहने, यातायात नियमों का पालन करने और बाल यौन उत्पीड़न से बचाव को लेकर जागरूक किया। छात्रों की जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई। इसके जरिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग निशुल्क कानूनी सहायता ले सकते हैं। इससे पूर्व प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर रामगोपाल रतूड़ी, प्राविधिक कार्यकर्ता मनोरमा रावत, मधुश्री शर्मा, शीला ध्यानी, विमला नौटियाल, राम सिंह कैंतुरा, यशोदा भारद्वाज आदि मौजूद रहे।