- 200 खिलाड़ियों का होगा चयन, मिलेगी दो हजार रुपये मासिक छात्रवृत्ति और खेल किट
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री प्रोत्साहन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के खिलाड़ियों के चयन के लिए प्रस्तावित जिला स्तरीय ट्रायल की तिथियों में बदलाव किया गया है। पहले यह ट्रायल पूर्णानंद स्टेडियम, मुनि की रेती में 10 से 13 अगस्त तक होने थे जिन्हें अब 17 से 21 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी टिहरी दीपक रावत ने बताया कि योजना के तहत 14-17, 17-19, 19-21 और 21-23 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं का चयन किया जाएगा। प्रत्येक आयु वर्ग में 25 बालक और 25 बालिकाओं का चयन होगा। इस प्रकार कुल 200 खिलाड़ियों को योजना का लाभ मिलेगा। चयनित खिलाड़ियों को दो हजार रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक खिलाड़ी को 10 हजार रुपये मूल्य के खेल उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने पात्र खिलाड़ियों, अभिभावकों, विद्यालयों और खेल प्रशिक्षकों से नई तिथियों के अनुसार अधिक से अधिक संख्या में ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है। साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभागों से चयन प्रक्रिया के सफल आयोजन में सहयोग देने का अनुरोध किया है।