- नगर पंचायत कार्यालय में आठ घंटे तक अध्यक्ष और ईओ का इंतजार करते रहे व्यापारी
- अधिकांश ने दस्तावेज व शुल्क जमा करने के बाद भी लाइसेंस जारी न होने का लगाया आरोप
ऋषिकेश। नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जोंक के स्थानीय और वैध ठेली व्यवसायियों के लंबित लाइसेंस पर विवाद गहरा गया है। लाइसेंस जारी कराने की मांग के लिए ठेली व्यापारी नगर पंचायत कार्यालय में आठ घंटे तक अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी का इंतजार करते रहे लेकिन दोनों के नहीं पहुंचने पर उनका आक्रोश फूट पड़ा। व्यापारियों ने तीन दिन के भीतर लाइसेंस जारी ने किए जाने पर उग्र आंदोलन करने की करने की चेतावनी दी।
बुधवार को बड़ी संख्या में ठेली फड़ व्यापारी लाइसेंस जारी किए जाने की मांग के लिए ज्ञापन सौंपने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह भंडारी ने कहा कि नगर पंचायत के नए बोर्ड के गठन को लगभग डेढ़ वर्ष बीत चुका है बावजूद ठेली व्यवसायियों के लाइसेंस अब तक लंबित हैं। बताया कि अधिकांश व्यवसायी आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित शुल्क पहले ही जमा कर चुके हैं। बावजूद लाइसेंस जारी न किया जाना छोटे और मेहनतकश व्यापारियों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि ठेली व्यवसायी अपने परिवारों की आजीविका इसी व्यवसाय से चलाते हैं। लाइसेंस लंबित रहने के कारण उन्हें लगातार आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की कि सभी लंबित लाइसेंस अधिकतम तीन दिवस के भीतर जारी किए जाएं और जिन व्यापारियों से शुल्क प्राप्त किया जा चुका है, उनके प्रकरणों का तत्काल निस्तारण किया जाए। भंडारी ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस अवसर पर ब्रजगोपाल, गीता देवी, विनय कुमार, राजू, हीरालाल, बुरालाल, अमर सिंह, मंजुनाथ, धनवीर, शिवा, मनोज, पवन, अमरजीत, सुजीत गुप्ता, सोनू कुमार मौजूद रहे।
- 88 लाइसेंस बन कर तैयार हो चुके हैं, कुछ वार्डों के लाइसेंस नहीं बने हैं। जल्द सभी लाइसेंस बना कर आवंटित कर दिए जाएंगे। दीपक शर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत स्वर्गाश्रम।