ऋषिकेश। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत बुधवार को योग नगरी रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में विशेष सफाई एवं श्रमदान अभियान चलाया गया। रेलवे कर्मचारियों, सफाई मित्रों और नगर निगम कर्मियों ने स्टेशन परिसर से लगे नगर निगम क्षेत्र और रेलवे ट्रैक के आसपास सघन सफाई कर कूड़ा-कचरा, अनावश्यक सामग्री और अन्य अपशिष्ट हटाए। अभियान के दौरान स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कार्यस्थल, रेलवे परिसर और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया। आमजन से स्टेशन परिसर में लगाए गए कूड़ेदान का इस्तेमाल करने और आसपास कूड़ा न फैलाने की अपील की गई। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है और इसमें आमजन की भागीदारी जरूरी है। स्वच्छता पखवाड़े के तहत मुरादाबाद मंडल के विभिन्न रेलवे परिसरों में श्रमदान, विशेष सफाई और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान में स्टेशन अधीक्षक अमित कश्यप, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक विजेंद्र सिंह चौहान, अमित नेगी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।