ऋषिकेश। रेलवे रोड पर एक व्यापारी के आत्मदाह का प्रयास करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दुकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। कोतवाली पुलिस इस ओर छानबीन में जुट गई है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि व्यापारी की बेटी ने कोतवाली में तहरीर देते हुए शिकायत दर्ज की। शिकायत पत्र में उसने बताया कि रेलवे रोड पर उसके पिता बृजपाल, निवासी सुभाष बनखंडी ने एक दुकान किराए पर ले रखी है। कोरोना कर्फ्यू के चलते उनका व्यापार कम ही चल रहा था। दुकान स्वामी उनके पिता पर दुकान का किराए देने का दबाव बना रहे थे। बीते चार जुलाई को दुकान मालिक ने दुकान में ताला लगाकर उन्हें बाहर कर दिया। इस घटना से परेशान होकर उसके पिता ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़कर खुद को आग लगा ली थी। जिनका अभी भी उपचार चल रहा है। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने दुकान मालिक असीम फारुकी, निवासी गंगाविहार ऋषिकेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है। कोतवाली पुलिस इस ओर छानबीन में जुट गई है।