मतगणना के दौरान मतगणना स्थल के बाहर पथराव करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने 100 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। पहचान के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बीते 25 जनवरी को मतगणना के दौरान आईडीपीएल सामुदायिक केंद्र में बनाए गए मतगणना केंद्र पर पथराव संबंधी मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। इस संबंध में कोतवाली के एसएसआई विनोद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में एसएसआई विनोद कुमार ने बताया कि मतगणना के दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मतगणना स्थल के बाहर मतगणना परिणामों से संबंधित गलत सूचनाएं प्रचारित कर माहौल खराब करने का प्रयास किया।
साथ ही समुदाय विशेष पर अपमानजनक टिप्पणी करते हुए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, मतगणना को प्रभावित करने का भी प्रयास किया। एसएसआई विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस की ओर से बार-बार समझाने पर भी उक्त लोग नहीं माने और करीब 100 अज्ञात लोगों ने पुलिस बल पर पथराव कर गालीगलौज की। पथराव में कुछ पुलिस कर्मी चोटिल भी हुए हैं।
प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने बताया कि करीब 100 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मतगणना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया वीडियो से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।