नगर पालिका मुनि की रेती ढालवाला अंतर्गत मधुबन आश्रम से जानकी सेतु की ओर जाने वाले सड़क किनारे बने स्मार्ट शौचालय में देर रात एक कार घुस गई। कार की टक्कर से शौचालय के अंदर बने कमरे में रह रहे मासूम की जान बाल-बाल बच गई। मौके पर पहुंची थाना मुनि की रेती पुलिस ने कार और उसमें सवार लोगों को पकड़ लिया। जहां पालिका और कार सवार लोगों के बीच समझौता हो गया।
थाना मुनि की रेती प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि घटना 13 जनवरी देर रात करीब दो बजे की थी। पंजाब की एक कार में चार युवक और एक युवती सवार थे। कार देररात मधुबन आश्रम से जानकी सेतु की ओर जा रही थी। इस दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर मधुबन आश्रम के समीप सड़क किनारे बने स्मार्ट शौचालय से जा टकराई।
शौचालय के अंदर सफाई कर्मचारी दिलीप, उसकी पत्नी और 11 माह की मासूम सो रही थी। इस हादसे में उनकी जान बाल-बाल बच गई। पुलिस ने कार और उसमें सवार लोगों को पकड़ लिया। मौके पर पहुंचे पालिका अधिकारी और यात्रियों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।