प्रतिबंधित चीनी मांझे को बेचने पर कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली पुलिस ने सोमवार को नगर कोतवाली और पुलिस चौकी क्षेत्रों में चीनी मांझे के खिलाफ अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं ने बताया कि चेकिंग के दौरान माजरी चौक पर योगेश निवासी रेशम माजरी डोईवाला को फड़ लगाकर चीनी मांझे को बेचते हुए पाया गया। मौके से आरोपी से सात रील चीनी मांझा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धारा में मामला दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्रों में प्रतिबंधित चीनी मांझे को बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे चुके है। इसी के तहत पुलिस सघन चेकिंग अभियान और पकड़े जाने पर कार्रवाई कर रही है। बता दे कि चीनी मांझे से हरिद्वार में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वहीं, डोईवाला में भी चीनी मांझे से ऊर्जा निगम की तारे कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। अमर उजाला भी मुहिम चलाकर आम जन को चीनी मांझे के खिलाफ लामबंद करने के लिए जागरूक कर रहा है।