बाजार भाव से सस्ती दरों पर दाल बिक्री के काउंटर पर अंतिम दिन दालें खरीदने वालों की भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ के कारण मंडी समिति अध्यक्ष व्यवस्था बनाते नजर आए। स्थिति यह रही कि दालों का स्टॉक खत्म होने पर काउंटर 15 मिनट पहले ही बंद करना पड़ा। ऐसे में सस्ती दाल खरीदने की आस में आए लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
कृषि उत्पादन मंडी समिति के दून मार्ग स्थित व्यापार सभा भवन के बाहर लगाए गए सस्ती दालों के काउंटर के तीसरे दिन बुधवार को दाल खरीदने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ रही। अव्यवस्था ना फैले इसके लिए मंडी कर्मियों ने लोगों को कतार में लगाया।
मंडी समिति के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने मौके पर मौजूद रहकर लोगों को दाल दिलाई। काउंटर पर दोपहर दो बजे तक दालों की बिक्री होनी थी, लेकिन स्टॉक खत्म होने के कारण काउंटर 15 मिनट पहले ही बंद करना पड़ा। लिहाजा कई लोगों को बिना दाल लिए ही मायूस होकर लौटना पड़ा।
आखिरी दिन 24 क्विंटल दालें बिक गई
अरहर दाल - आठ क्विंटल
काली उड़द - दो क्विंटल
चना दाल - साढ़े तीन क्विंटल
राजमा - साढ़े तीन क्विंटल
काबुली चना - साढ़े तीन क्विंटल
मलका दाल - साढ़े तीन क्विंटल