सुभाष क्लब दशहरा कमेटी की ओर से दशहरा मेले का आयोजन किया गया। त्रिवेणी घाट पर स्थित टापू पर खड़े किए गए 60 फीट ऊंचे रावण और 50-50 फीट के मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों को श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान के पात्रों ने राफ्ट से गंगा पार कर आग लगाई।
मंगलवार देर शाम साढ़े सात बजे क्लब की ओर से त्रिवेणी घाट परिसर में आयोजित दशहरा मेले का शुभारंभ किया गया। इस मौके रामलीला का मंचन भी किया गया। राम, लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव, अंगद, नल-नील, जामवंत, विभीषण सहित समस्त वानर सेना की वेशभूषा में कलाकारों ने रावण, कुंभकरण और मेघनाद सहित राक्षसों की वेशभूषा पहने कलाकारों के साथ युद्ध का मंचन किया। काफी देर तक चले भीषण युद्ध के बाद कुंभकरण, मेघनाद और रावण का वध किया गया। इसी क्रम में तीनों के पुतले का भी दाह संस्कार किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग पुतला दहन देखने पहुंचे। पुतला दहन होते ही पूरा घाट जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा। पुतला दहन के बाद श्रीराम लक्ष्मण और हनुमान को अशोक वाटिका में सीता को लेकर आने को भेजते है। लक्ष्मण और हनुमान अशोक वाटिका पहुंचकर माता सीता को लेकर आते है। इसके बाद सभी अयोध्या की ओर प्रस्थान करते है।
इससे पूर्व शाम पांच बजे से ही त्रिवेणी घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उपस्थित रही। लोग अपने-अपने बच्चों के लिए धनुष-बाण, गदा, तलवार आदि शस्त्रों के खिलौने भी खरीदते नजर आए। क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह से पैक रहीं। पुलिस की ओर से दशहरे के लिए रूट डायवर्ट किया गया था। इस कारण दूर-दराज से आने वाले लोगों को खासी परेशानी भी हुई। गंगा का जल स्तर तेज होने केे कारण मौके पर जल पुलिस के जवान और दो राफ्टें भी तैनात रहीं। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष हीरालाल शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष ललित सक्सेना, महामंत्री विजय सिंघल, कार्यक्रम संयोजक राहुल शर्मा, पंकज जायसवाल, संजय शर्मा, विश्वास जोशी, शुभम सारस्वत, राकेश शर्मा, मोहित शर्मा, दिनेश उपाध्याय, रामकृपाल गौतम आदि उपस्थित रहे।
-----
राम और रावण के बीच हुआ भीषण युद्ध
श्री भरत रामलीला दशहरा कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला में मेघनाद और कुंभकरण वध का मंचन किया गया। इसके बाद राम और रावण के बीच भीषण युद्ध हुआ और अंत में रावण के वध के पश्चात 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एम्स के निदेशक डॉ. रविकांत ने लोगों को असत्य पर सत्य की जीत की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज हर घर में रावण है, इसे समाप्त करने के लिए हमें श्रीराम के जीवन को भलीभांति समझना होगा। इस मौके पर नगर पंचायत स्वर्ग आश्रम के अध्यक्ष माधव अग्रवाल, रोटरी क्लब अध्यक्ष जितेंद्र बड़थ्वाल उपस्थित रहे। इसी तरह टीएचडीसी, आईडीपीएल और लक्ष्मणझूला में भी श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव सहित समस्त वानर सेना के कलाकारों ने रावण, मेघनाद, कुंभकरण का वध कर पुतला दहन किया।
त्रिवेणी घाट पर धू-धू कर जलता रावण का पुतला।- फोटो : RISHIKESH
26 रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पात्रों को इस तरह गंगा पार कराते एसडीआरएफ के जवान- फोटो : RISHIKESH
25 त्रिवेणी घाट पर राफ्ट पर इस तरह राम, लक्ष्मण और सीता के कलाकारों को गंगा नदी पार कराते एसडीआरएफ क?- फोटो : RISHIKESH