कुम्हारवाड़ा में जलसंस्थान के अपर सहायक अभियंता मनोज डबराल को दूषित पानी दिखाते स्थानीय लोग।
- फोटो : amar ujala.
कुम्हारबाड़ा में सोमवार को नलों से पानी के साथ कीड़े आने से क्षेत्रवासी भड़क गए। उन्होंने जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता का घेराव कर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप था कि पानी में कीड़े आने की समस्या काफी दिनों से है, लेकिन शिकायत के बावजूद समाधान नहीं किया जा रहा है।
नगर पालिका के वार्ड नंबर पांच कुम्हारबाड़ा में कई दिनों से दूषित पेयजल की आपूर्ति शिकायत है। सोमवार को पानी में कीड़े आने पर लोग भड़क गए और जल संस्थान कार्यालय पर पहुंच गए। इसके बाद अपर सहायक अभियंता मनोज डबराल मौके पर पहुंचे तो लोगों ने उन्हें घेर लिया।
इस दौरान एएई डबराल ने शीघ्र स्वच्छ जलापूर्ति का भरोसा दिलाकर लोगों को किसी तरह शांत कराया। सभासद सोनू पांडे ने आरोप लगाया कि काफी समय से जलसंस्थान की लापरवाही के कारण लोगों को दूषित पानी पीने को विवश होना पड़ रहा है।
वहीं समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर क्षेत्रवासियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर रविंद्र भारद्वाज, अभिषेक पारस, योगेंद्र पांडे, अमित सागर, जयपाल सिंह, नागेंद्र गुप्ता, अमित गुप्ता, टींकू, पंचम, टीकाराम पुरोहित, अजय शर्मा आदि मौजूद थे।