- हाथें में तिरंगा लेकर दिया राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश
- कमांडेंट गजेंद्र सिंह रावत ने किया रैली का शुभारंभ
डोईवाला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीमा सुरक्षा बल के साहसिक प्रशिक्षण संस्थान डोईवाला की ओर से बृहस्पतिवार को साइकिल तिरंगा रैली आयोजित की गई। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश लेकर बड़ी संख्या में बीएसएफ के अधिकारी और जवान तिरंगा हाथों में लेकर साइकिलों पर डोईवाला की सड़कों पर उतरे। रैली के दौरान देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत कर तिरंगे के प्रति सम्मान प्रकट किया।
रैली का शुभारंभ बीआईएटी, सीमा सुरक्षा बल डोईवाला के कमांडेंट गजेंद्र सिंह रावत ने किया। बीएसएफ के मुख्य परिसर से रवाना हुई रैली डोईवाला के विभिन्न स्थानीय क्षेत्रों, चौराहों और ग्रामीण मार्गों से होकर गुजरी। रैली के मार्ग में लोगों ने जवानों का उत्साह बढ़ाया और देशभक्ति के इस आयोजन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कमांडेंट गजेंद्र सिंह रावत ने देश की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज केवल हमारी आन-बान-शान का प्रतीक ही नहीं बल्कि देश की एकता और गौरव का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजनों से समाज में देशभक्ति की भावना और मजबूत होती है। रैली में उप कमांडेंट हेमंत कुमार कोठियाल, उप कमांडेंट लवराज सिंह, सहायक कमांडेंट विकास, सहायक कमांडेंट बिशन सिंह रावत तथा सहायक कमांडेंट/चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार सहित सीमा सुरक्षा बल के लोग शामिल हुए।