गीता भवन स्थित रामदयाल मैदान में हिमालयन क्रिकेट क्लब स्वर्गाश्रम की ओर से शनिवार को दो सेमीफाइनल मुकाबला खेले गए। इसमें लक्ष्मण झूला और ढालवाला ने अपने प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर फाइनल में जगह बनाई। विजेता टीम का फाइनल मुुकाबला आज नए साल पर होगा।
मैच का पहला सेमीफाइनल मुकाबला लक्ष्मण झूला और ब्रदर्स इलेवन के बीच हुआ। ब्रदर्स इलेवन ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। जबाव में लक्ष्मण झूला टीम ने 16 ओवर में नौ विकेट खोकर 110 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरे ब्रदर्स इलेवन टीम 16 ओवर में नौ विकेट खोकर 80 रन बना सकी।
इसमें लक्ष्मण झूला टीम ने 30 रनों से मैच जीतकर फाइनल में जगह मजबूत की। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला ढालवाला और शिकारी क्लब के बीच खेला गया। ढालवाला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 ओवर में 87 रनों का लक्ष्य रखा। जबाव में शिकारी क्लब के खिलाड़ी 16 ओवर खेलकर 80 रनों पर सिमट गई।
इस दौरान ढालवाला ने सात रन से मैच जीतकर फाइनल में पहुंची प्रतिद्वंद्वी टीम की चुनौती स्वीकार की। उधर दूसरी ओर लक्ष्मणझूला आम बगीचे में आयोजित तीसरा स्व रणवीर सिंह नेगी क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे दिन दो लीग मैच मुकाबले खेले गए। इसमें नागा और ओएसएन टीम ने अपने-अपने मैच जीते।
पहला लीग मैच मुकाबला ट्रैकर्स और नागा के बीच हुआ। ट्रैकर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 96 रन बनाए। नागा टीम के खिलाड़ियों ने मात्र एक विकेट खोकर सात ओवर में जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से प्रशांत को 46 रन और दो विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच से पुरस्कृत किया।
दूसरा लीग मुकाबला ओएसएन और शिवशक्ति के बीच हुआ। ओएसएन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 77 रन बनाए। शिवशक्ति टीम के खिलाड़ी दस ओवर में 69 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ओएसएन ने आठ रनों से यह मैच अपने नाम किया। विजेता टीम की ओर से पुरुषोत्तम को 23 रन और तीन विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। इस मौके पर राहुल धाकड़, रामजी पांडेय, शिवा बत्रा, सोनू बिष्ट आदि मौजूद थे।