उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुक्रवार से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू होगी। डोईवाला ब्लॉक में परीक्षा कराने के लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें करीब 6,472 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे।
बोर्ड परीक्षाओं के लिए शिक्षा विभाग और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। खंड शिक्षा अधिकारी एमएल प्रसाद ने बताया कि डोईवाला ब्लॉक के सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दून रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज में केंद्र व्यवस्थापक राजेश्वरी देवी के साथ बैठक कर परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाएं जांची। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि डोईवाला ब्लॉक में कुल 32 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षाएं होंगी।
सके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ब्लॉक में राजकीय इंटर कालेज आईडीपीएल और राजकीय इंटर कालेज छिद्दरवाला परीक्षा केंद्र को संवेदनशील घोषित किया गया है। पूरे ब्लॉक में एक सचल दस्ते के साथ उपजिलाधिकारी और तहसीलदार परीक्षा केंद्रों में औचक निरीक्षण करेंगे। डोईवाला ब्लॉक में 3050 छात्र और 3419 छात्राएं परीक्षा में बैठेंगे।