दून मार्ग पर हाथियों का झुंड देखकर घबराए बाइक सवार बैंक कर्मी की गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
मंगलवार शाम एक बाइक सवार ऋषिकेश से भानियावाला की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि सात मोड़ से पहले मार्ग किनारे खड़े हाथियों के झुंड को देखकर घबराने से युवक बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक गिरने की आवाज सुनकर हाथी जंगल की ओर भाग गए। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
गंभीर घायल को 108 आपातकालीन सेवा से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त गजेंद्र सिंह गुसाईं (42) पुत्र स्व. बचन सिंह निवासी ग्राम मौलधार, अठूरवाला विस्थापित क्षेत्र, भानियावाला के रूप में कराई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी चक्रधर अंथवाल ने बताया कि हादसे में मृत हरिद्वार रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में क्लर्क था। देर शाम ड्यूटी के बाद वह घर लौट रहा था। सूचना पर अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई उमेद सिंह और अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों ने किसी तरह ढांढस बंधाकर उन्हें शांत कराया।
पोस्टमार्टम के बाद मुआवजा
बड़कोट रेंज के वन क्षेत्राधिकारी आरपीएस नेगी ने बताया कि घटनास्थल पर हाथी की मूवमेंट की पुष्टि हुई है। लेकिन बैंक कर्मी की मौत हाथी के हमले से हुई यह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हाथी का हमला आता है तो मृतक आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
कानवाई गुजरने के बाद घटना
ऋषिकेश रेंज के वन क्षेत्राधिकारी गंगासागर नौटियाल ने बताया कि दून मार्ग पर हादसा कानवाई गुजरने के बाद हुआ। कानवाई करीब सात बजे जंगलात बैरियर से रानीपोखरी के लिए निकली और हादसा लगभग सवा सात बजे हुआ।
हाथी को देखकर घबराए नहीं
वन विभाग के मुताबिक हाथी बाहुल्य दून मार्ग पर सौ फूटी, सात मोड़, बीस फूटी के आसपास शाम ढलने के बाद हाथियों का मूवमेंट रहती है। हाथी जंगल के एक छोर से दूसरे छोर के जंगल की ओर जाते हैं। ऐसे में हाथी को देखकर घबराए नहीं पीछे ही वाहन रोक कर खड़ा हो जाएं। कुछ देर बाद हाथी मार्ग से दूसरे छोर पर चला जाएगा। प्रेशर हार्न और डिपर लाइट के इस्तेमाल से बचें।