रेड फोर्ट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में मतदान करते छात्र-छात्राएं। स्रोत विद्यालय।
रेड फोर्ट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में छात्र परिषद चुनाव आयोजित किया गया। चुनाव में विजेंद्र बिष्ट हेड बॉय, अवनी बड़थ्वाल हेड गर्ल चुनी गई। इसके अलावा लकी वाइस हेड बॉय और अन्वी वाइस हेड गर्ल चुनी गई।
इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में कक्षा 6 से 12 तक के कुल 387 विद्यार्थियों में से 313 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। साथ ही 59 में से 50 शिक्षकों, कर्मचारियों ने भी मतदान कर अपनी सक्रिय सहभागिता दी। चुनाव संपन्न होने के मतगणना कर परिणामों की घोषणा की गई।
हेड बॉय में विजेंद्र बिष्ट को 204, सुमित राणा को 157 वोट मिले। हेड गर्ल में अवनी बड़थ्वाल को 185, गायत्री पंवार को 124, तानिशा सैनी को 50 वोट मिले। वाइस हेड बॉय में लकी को 169, सिद्धार्थ को 166 वोट मिले। वाइस हेड गर्ल में अन्वी को 284, श्राविका को 52 वोट मिले। चुनाव की पूरी प्रक्रिया चुनाव अधिकारी अमित गांधी के नेतृत्व में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
विद्यालय के अध्यक्ष शूरवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानाचार्या तरंग बेली ने कहा कि छात्र परिषद चुनाव विद्यार्थियों को निर्णय लेने की क्षमता, अनुशासन एवं टीमवर्क की भावना सिखाने का एक सशक्त माध्यम है। इस मौके पर मनोज रावत, कीर्तन भट्ट, अशोक सिंह मेहता, सूरज सिंह चौहान, मनोज सिंह बिष्ट, देवेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।